नैनीताल : नैनीताल जिले के नैना पीक ट्रैक पर घूमने गए छात्र का अब तक कुछ सुराग नहीं लगा है। बिहार के मुंगेर जिले के पहरपुर निवासी 19 साल के अर्नव सिंह भीमताल स्थित एक कॉलेज का छात्र है। शुक्रवार 6 नवंबर को उसके गांव के तीन दोस्त आलोक राज, ओम जी और ऐश्वर्य राज उससे मिलने पहुंचे। चारों दोस्त हल्द्वानी में ठहरने के बाद नैनीताल घूमने आए।
ट्रैकिंग से लौटते समय अचानक छात्र लापता हो गया। जिसके बाद हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और रेस्क्यू टीमें जंगल में पहुंची। घने जंगल और दुर्गम रास्तों के बीच छात्र की तलाश जारी है। परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई। परिवार वाले भी परेशान हैं।
बिहार के अर्नव सिंह भीमताल स्थित एक कॉलेज का छात्र है। 6 नवंबर को गांव के तीन दोस्त आलोक राज, ओम और ऐश्वर्य राज उससे मिलने पहुंचे। चारों दोस्तों ने हल्द्वानी में रुककर घूमने का प्लान बनाया। इसके बाद चारों दोस्त नैनीताल घूमने आए। दोपहर करीब दो बजे चारों नैना पीक की ट्रैकिंग पर निकल गए। दोस्तों के अनुसार शाम करीब चार बजे वापसी के दौरान अर्नव कुछ दूरी पर पीछे रह गया। कुछ देर बाद जब वह उन्हें नहीं मिला तो उन्होंने जंगल में आवाज लगाकर उसकी तलाश शुरू की। राहगीरों से पूछताछ और काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और अन्य विभागों की टीमों ने जंगल में गश्त की। लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं है। 19 वर्षीय विद्यार्थी अर्णव कुमार सिंह उर्फ प्रिंस का एक सप्ताह बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस, SDRF, वन विभाग, दमकल विभाग, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन की सहायता से लगातार खोज एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। बेटे के लापता होने के आठवें दिन पिता पंकज कुमार सिंह ने पुलिस की जांच पर प्रश्न उठाते हुए उसके दोस्तों से पूछताछ और मोबाइल की कॉल डिटेल की जांच करने की मांग की है।