देहरादून: कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शुक्रवार को मुक्तेश्वर से अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज 2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव की बात है कि प्रदेश में इस तरह के साहसिक खेल आयोजनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित हिमालयी साइकिलिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ मुक्तेश्वर से होना विशेष महत्व रखता है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल इस आयोजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। जिलाधिकारी के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान भी गर्ब्याल ने कुमाऊं की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं।
राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों को एक गुलदस्ते की तरह जोड़कर विकास की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। ऐसे आयोजन उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों को आपस में जोड़ने के साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित यह साइकिलिंग रेस उत्तराखंड के 10 जनपदों से होकर लगभग 658 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा। इसमें देश के 18 राज्यों के प्रतिभागियों के साथ भारतीय वायुसेना, थलसेना और आईटीबी के लगभग 70 साइकिलिस्ट हिस्सा ले रहे हैं।
धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल साइकिलिंग प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं, बल्कि उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर टूरिज्म, माउंटेन बाइकिंग और साहसिक खेलों के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसके माध्यम से खेल, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़कर प्रदेश की वैश्विक पहचान को मजबूत किया जा रहा है।
सचिव पर्यटन ने बताया कि एमटीबी चैलेंज, अल्ट्रा मैराथन और एंग्लिंग मीट जैसे आयोजनों के माध्यम से राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को सालभर बढ़ावा देने की दिशा में कार्य कर रही है। इन आयोजनों से उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करने, हिमालयी क्षेत्रों को माउंटेन बाइकिंग के वैश्विक मानचित्र पर पहचान दिलाने तथा देश-विदेश के पर्यटकों और साइकिलिस्टों को आकर्षित करने में मदद मिलेगी।
धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से शीतकालीन पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा। पर्यटन गतिविधियों को केवल ग्रीष्मकाल और चारधाम यात्रा तक सीमित न रखकर सर्दियों में भी पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे ऑफ-सीजन में होटल, होमस्टे और स्थानीय कारोबार को लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यटन आधारित रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित करना तथा स्थानीय युवाओं को गाइड, होमस्टे, परिवहन, खानपान और अन्य पर्यटन सेवाओं से जोड़ना भी इन आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
इसके साथ ही प्रतिभागियों को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोककला, खानपान और परंपराओं से परिचित कराने के साथ हिमालयी घाटियों, जैव विविधता और स्थानीय उत्पादों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। 'वोकल फॉर लोकल' की भावना को प्रोत्साहित करते हुए स्थानीय उत्पादों को भी नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश के कम प्रसिद्ध पर्वतीय क्षेत्रों और ग्रामीण पर्यटन स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने में मददगार साबित होंगे। इससे राज्य के विभिन्न जनपदों को पर्यटन की एक साझा श्रृंखला में जोड़ने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज 2026 उत्तराखंड को साहसिक पर्यटन के अंतरराष्ट्रीय गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।