हरिद्वार/रुड़की: कभी-कभी अपनों से बिछड़ने का दर्द सालों तक परिवार को परेशान करता रहता है। हर छोटी उम्मीद के साथ परिजन अपनों की तलाश करते रहते हैं। ऐसा ही एक भावुक मामला हरिद्वार के कलियर से सामने आया है, जहां प्रयागराज कुंभ मेले में करीब दो साल पहले बिछड़े बिहार के 65 वर्षीय बुजुर्ग को रुड़की पुलिस ने खोज निकाला।
पिता के मिलने की खबर सुनकर उनका बेटा अंकित हरिद्वार पहुंचा। कलियर में पिता को सामने देखते ही वह उनसे लिपटकर रो पड़ा। दो साल बाद पिता-पुत्र के इस मिलन को देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए।
दरअसल, सत्यापन अभियान के दौरान एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम को कलियर शरीफ मजार परिसर में जूता स्टॉल के पास एक बुजुर्ग मिले। वह लोगों से खाने-पीने की चीजें और पैसे मांग रहे थे।
पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो उन्होंने अपना पता बिहार के औरंगाबाद जिले का बताया। बुजुर्ग ने बताया कि करीब दो साल पहले वह गांव के लोगों और परिवार के साथ प्रयागराज कुंभ मेले में स्नान करने गए थे।
इसी दौरान वह अपने परिजनों से बिछड़ गए। इसके बाद से लगातार अलग-अलग जगहों पर भटकते रहे।
बुजुर्ग से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा थाने से संपर्क किया। वहां से उनके परिजनों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया।
आखिरकार पुलिस को बुजुर्ग के बेटे अंकित का पता चला। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए पिता और बेटे की बात कराई गई।
स्क्रीन पर पिता को देखते ही अंकित भावुक हो गए। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पिता गांव के लोगों के साथ कुंभ स्नान करने गए थे और वहीं से लापता हो गए थे।
परिवार ने उनकी तलाश में काफी कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी।
पिता के मिलने की खबर सुनकर अंकित हरिद्वार पहुंचे। वह केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं।
कलियर में पिता को सामने देखते ही वह उनसे लिपटकर रो पड़े। दो साल बाद पिता-पुत्र का मिलन देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो गए। इसके बाद हरिद्वार पुलिस ने बुजुर्ग को उनके बेटे और परिचितों के सुपुर्द कर दिया।
अंकित ने भावुक होते हुए कहा कि पिताजी को बिछड़े हुए लगभग दो साल हो गए थे। फरवरी में इस बिछड़ने के दो साल पूरे हो जाते। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस का दिल से आभार जताया और कहा कि पुलिस बहुत अच्छा काम कर रही है।
अंकित ने खासतौर पर मुकेश सर का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, "उनका पूरा नाम तो मुझे नहीं पता, लेकिन उन्होंने जो किया है, उसके लिए मैं दिल से उनका धन्यवाद करता हूं। उन्होंने सिर्फ मेरे पिता को ही नहीं मिलवाया, बल्कि मेरी मां, हमारे घर-परिवार और पूरे गांव-समाज को खुशी दी है।"
उन्होंने कहा कि अपनी खुशी शब्दों में बयां नहीं कर सकते। जब वह ड्यूटी करते थे और कभी अकेले पोस्ट पर तैनात रहते थे, तब भी पिता के बारे में ही सोचते रहते थे कि वे कहां होंगे और किस हाल में होंगे।
अंकित ने कहा कि आज पिता को वापस पाकर उन्हें बहुत सुकून मिला है।