देहरादून: चमोली दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, रविवार को बदरीनाथ के समीप स्थित बामणी गांव पहुंचे। गांव में पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों से आत्मीयता से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीतों पर छाछनी नृत्य कर रही थीं।
महिलाओं को पारंपरिक लोकनृत्य करते देख मुख्यमंत्री भी सहजता से उनके बीच पहुंचकर उनके साथ छाछनी नृत्य में शामिल हुए। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर महिलाएं और बुजुर्ग बेहद उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गीतों के माध्यम से मां नंदा देवी का स्मरण किया और मुख्यमंत्री ने भी लोक परंपरा में सहभागी बनकर मां नंदा देवी का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य और पारंपरिक गीतों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराएं और लोक कलाएं हमारी विशिष्ट पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित और आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर लिखा पोस्ट
इस दौरान सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि बामणी गांव, चमोली में मां नंदा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां नंदा से समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं आरोग्यपूर्ण जीवन की कामना की। इस अवसर पर स्थानीय लोगों से आत्मीय भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। विशेष रूप से मातृशक्ति से मिले अपार स्नेह एवं आशीर्वाद ने मन को भाव-विभोर कर दिया। मातृशक्ति के साथ चाचणी नृत्य में सम्मिलित होकर देवभूमि की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं के रंग में रंगने का भी अवसर मिला।