देहरादून: उत्तराखंड में ईडी की कार्रवाई को लेकर विधानसभा चुनाव से पहले सियासत गरमा गई है। जिसको लेकर भाजपा कांग्रेस एक दूसरे पर हमलावर है। ईडी की कार्रवाई के मुद्दे पर कांग्रेस नेता हरक सिंह ने अपनी बहू और भाजपा प्रवक्ता अनुकृति गुसाईं पर भी तंज कसा है।
हरक सिंह ने कहा है कि वे मुकदमें और ईडी से घबराते नहीं है। उन्होंने बिना नाम लिए अपनी अपनी बहू अनुकृति गुसाईं पर तंज कसते हुए कहा कि मैंरे परिवार के जो लोग ईडी से घबराते थे, वो भाजपा के साथ चले गए। इस बयान के बाद बहू और ससुर आमने- सामने आ गए हैं।
बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान हरक सिंह रावत ने कहा कि वह घबराने वाले व्यक्ति नहीं है। मेरे परिवार के जो लोग घबरा सकते हैं, वे भाजपा में चले गए। उन्होंने कहा कि एक स्थिति के बाद बच्चे मां-बाप की इच्छा से कार्य नहीं कर सकते। वे अपने मन के अनुसार कार्य करते हैं।
अनुकृति गुसाईं ने हरक सिंह रावत के बयान पर पलटवार किया है। अनुकृति ने कहा कि हरक सिंह जिस मामले की बात कर रहे हैं, वे तब राजनीति में नहीं थी। नहीं परिवार का हिस्सा थी। उस समय तो उनकी शादी भी नहीं हुई थी। वह किसी भी पद पर नहीं थीं। ऐसे में उनके लिए डरने वाली कोई बात नहीं है। अनुकृति ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के दबाव में ससुर हरक सिंह ने ये बयान दिया होगा।
अनुकृति का कहना है कि उनके ससुर हरक सिंह को भी ये बयान देते समय कष्ट हुआ होगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में फिर से बीजेपी की सरकार आने जा रही है। ऐसे में कांग्रेस इस तरह की बयानबाजी कर रही है।
कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत इस समय कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। जबकि उनकी बहू अनुकृति गुसाईं को भाजपा ने प्रदेश प्रवक्ता की अहम जिम्मेदारी दे रखी है। अनुकृति लगातार कांग्रेस पर हमलावर हैं। लेकिन वह अपने ससुर हरक सिंह से पहली बार किसी मुद्दे को लेकर आमने सामने आए हैं।