नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की 11 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव का ऐलान कर दिया है। निर्वाचन आयोग की ओर से मंगलवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक राज्यसभा सीट पर चुनाव कराया जाएगा। मतदान 16 अक्टूबर को होगा।
मंगलवार को चुनाव आयोग ने अधिसूचना जारी कर बताय कि राष्ट्रपति ने संविधान के प्रावधानों के तहत लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 12 के अंतर्गत अधिसूचना जारी की है। इसके तहत संबंधित राज्यों से राज्यसभा के लिए निर्धारित संख्या में सदस्यों का निर्वाचन किया जाना है।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 6 अक्टूबर 2026 नामांकन दाखिल करने की आखिरी डेट होगी। जबकि नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को की जाएगी। उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे। इसके बाद 16 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
इस चुनाव में सबसे ज्यादा 10 सीटें उत्तर प्रदेश की हैं, जबकि उत्तराखंड की एक सीट शामिल है। ऐसे में दोनों राज्यों में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां पहले से ही तेज हैं। उम्मीदवारों के नामांकन के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी कि किन सीटों पर मुकाबला सीधे तौर पर होता है और कहां निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बनती है।
उत्तर प्रदेश में अभी मौजूदा इन 10 सीटों के गणित पर नजर डाले तो फिलहाल 8 सीटों पर बीजेपी का कब्जा है। जबकि एक सीट समाजवादी पार्टी के पास तो एक सीट बसपा के पास है। हालांकि आगामी चुनाव में बड़े फेरबदल हो सकते हैं।