लखनऊ/देहरादून: आगामी चुनावों के लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सियासी कमर कसनी शुरू कर दी है। सपा की ओर से उत्तराखंड में पार्टी संगठन को चुस्त-दुरुस्त और मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ा सांगठनिक फेरबदल किया है। पार्टी नेतृत्व ने नैनीताल जिले के हल्द्वानी के रहने वाले सीनियर नेता अब्दुल मतीन सिद्दीकी को समाजवादी पार्टी उत्तराखंड का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश और मंडल स्तर पर संगठन के कार्यों में समन्वय और विस्तार के लिए नए प्रभारियों की भी नियुक्ति की गई है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, हल्द्वानी के रहने वाले अब्दुल मतीन सिद्दीकी को समाजवादी पार्टी उत्तराखंड प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सपा अध्यक्ष की ओर से अब्दुल मतीन सिद्दीकी को प्रदेश संगठन को बूथ के साथ-साथ जिला स्तर पर नए सिरे से खड़ा करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को लामबंद करने का जिम्मा सौंपा गया है।
सपा अध्यक्ष की ओर से जारी हुए दूसरे आदेश में देहरादून की रहने वाली सोनम बगवाड़ी समाजवादी पार्टी उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी नामित किया गया है। आदेश में कहा गया है कि प्रदेशभर में संगठन के कामकाज और विभिन्न जिलों के बीच समन्वय स्थापित करने का काम संभालेंगे। इसके साथ ही देहरादून के रायपुर की रहने वाली आभा बड़थवाल को गढ़वाल मण्डल का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि वह गढ़वाल क्षेत्र के सभी जिलों में पार्टी संगठन के विस्तार और सक्रियता की निगरानी करेंगी। माना जा रहा है कि कुमाऊं और गढ़वाल दोनों मंडलों के सीनियर चेहरों को आगे करके सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तराखंड में पार्टी का जनाधार बढ़ाने और सांगठनिक संतुलन साधने का प्रयास किया है।