देहरादून: पहलगाम में पर्यटकों पर हुए बर्बर हमले की पहली बरसी पर बुधवार को “पहलगाम ... जब समय थम सा गया” पुस्तक का विमोचन किया गया। इस पुस्तक के लेखक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में संयुक्त निदेशक के. एस. चौहान हैं।
बताया गया कि चौहान घटना के दिन अपने परिवार के साथ पहलगाम में मौजूद थे। उन्होंने उस दिन के अपने व्यक्तिगत अनुभवों और घटनास्थल के माहौल को पुस्तक के रूप में प्रस्तुत किया है।
बुधवार को चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें पुस्तक की प्रति भेंट की। इस दौरान उन्होंने बताया कि पुस्तक में 22 अप्रैल 2025 को हुई घटना के दिन की परिस्थितियों, लोगों की मन:स्थिति और विभिन्न पहलुओं को विस्तार से शामिल किया गया है। पुस्तक के अंतिम भाग में 'ऑपरेशन सिंदूर' का भी उल्लेख किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पहलगाम में एक वर्ष पूर्व हुआ आतंकी हमला पूरे देश को झकझोर देने वाला था। उन्होंने हमले में मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के माध्यम से जिस प्रकार दुनिया के सामने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया, वह ऐतिहासिक रहा है।