देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी-देहरादून मार्ग पर बन रहे बेली ब्रिज का निरीक्षण कर अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन की शुरुआत से पहले सभी मुख्य सड़कों को दुरुस्त कर लिया जाए, ताकि बाहर से आने वाले यात्रियों और पर्यटकों को कोई असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग और NHAI के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्तमान में निर्माणाधीन बेली ब्रिज के समानांतर एक और दूसरा बेली ब्रिज जल्द बनाया जाए। उन्होंने कहा कि दो पुल होने से यातायात सुचारु रहेगा और पर्यटकों व स्थानीय लोगों को जाम की समस्या से निजात मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि शिव मंदिर के पास पुल टूटने से यातायात में आ रही बाधा को दूर करने के लिए पहले एक अस्थायी बेली ब्रिज बनाया गया था। अब दूसरे बेली ब्रिज का काम भी युद्धस्तर पर जारी है, जिसे अगले 2 से 3 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वर्तमान व्यवस्थाओं के साथ-साथ स्थायी (पक्का) पुल का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। उन्होंने इस पक्के पुल को अगले 2 से 3 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य दिया है, ताकि भविष्य में इस रूट पर सफर और भी आसान और सुरक्षित हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था और पहचान पर्यटन पर टिकी है, जहां देश-दुनिया से लाखों लोग आते हैं। इसीलिए सरकार का मुख्य फोकस सड़कों और यातायात व्यवस्था को विश्वस्तरीय बनाने पर है, ताकि यहां आने वाले हर श्रद्धालु और पर्यटक को असुविधा न हो सके।
मुख्यमंत्री ने बीआरओ को भी अपने अंतर्गत आने वाले सभी मार्गों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यदायी एजेंसियां आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि आगामी यात्रा सीजन से पहले सड़कों की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा सके।