ज्योर्तिमठ: चार धाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सीमित संख्या को लेकर चार धाम होटल एसोसिएशन उत्तराखंड ने उप जिलाधिकारी ज्योर्तिमठ को ज्ञापन सौंप कर यात्रियों की सीमित संख्या हटाने की मांग की है। होटल एसोसिएशन का कहना है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो उनके द्वारा आंदोलन किया जाएगा। कपाट खुलने पर विरोध प्रदर्शन कर बद्रीनाथ धाम में सभी होटल और रेस्टोरेंट बंद कर दिए जाएंगे।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता का कहना है कि बद्रीनाथ धाम सहित चार धाम की यात्रा पर आने वाले यात्रियों की संख्या शासन द्वारा सीमित कर दी गई है। जगह-जगह चेकिंग के नाम पर तीर्थ यात्रियों को रोकने का प्लान है। यदि कपाट खुलने से पहले होटल एसोसिएशन की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो उनके द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि बुधवार को होटल एसोसिएशन और चार धाम यात्रा से जुड़े अलग-अलग व्यापार करने वाले व्यापारी तहसील परिसर में धरना प्रदर्शन करेंगे। यदि इसके बाद भी उनकी मांग पूरी नहीं की जाती है तो यात्रा शुरू होने पर 25 अप्रैल को चार धाम यात्रा मार्गो सहित बद्रीनाथ धाम में व्यापक आंदोलन किया जाएगा और बाजार बंद होगा।