देहरादून: उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 24 से 48 घंटे के भीतर कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। विशेष रूप से देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जनपदों के लिए 24 से 48 घंटे के दौरान ओलावृष्टि के साथ ही तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने अचानक बदलने वाले मौसम को देखते हुए किसानों और आम जनता से सतर्क रहने की हिदायत दी है। वहीं, लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। खासकर पहाड़ी जनपदों में यात्रा करने वाले लोग अतिरिक्त सतर्कता बरतें।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि आगामी 24 से 48 घंटे के भीतर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार, 5 मई तक कुछ जनपदों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है।
देहरादून सहित 8 जनपदों में अगले 24 से 48 घंटे के दौरान ओलावृष्टि और तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। डॉ. सीएस तोमर ने वाहन चालकों को बारिश और तेज हवाओं के दौरान विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।
वहीं, दूसरी ओर मौसम के अलर्ट को देखते हुए रुद्रप्रयाग जनपद में जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। मौसम विभाग ने दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसके बाद जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और यात्रा कंट्रोल रूम का पक्ष निरीक्षण भी किया।
इसके साथ ही संवेदनशील जगहों और मौसम की स्थिति की निगरानी करने की व्यवस्था को भी परखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाए, जिससे आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने की हिदायत भी दी है। आपदा या आपात स्थिति में तुरंत रिस्पांस देने के लिए सिस्टम को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया है।