मसूरी/देहरादून: मसूरी के गन हिल रोपवे (झूलाघर) पर शुक्रवार को आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई। केबल कार में तकनीकी खराबी के कारण कुछ पर्यटक के फंसे होने की सूचना पर राहत एवं बचाव दल तुरंत सक्रिय हुआ।
एसडीएम राहुल आनंद के नेतृत्व में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मॉक ड्रिल के दौरान टीमों ने रोपवे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का अभ्यास किया। बचाव कार्य के बाद 'घायलों' को एंबुलेंस के माध्यम से उप जिला अस्पताल भेजा गया, जिससे आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की भी जांच की गई।
एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी वास्तविक आपदा की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन को देखते हुए इस तरह की तैयारियां बेहद जरूरी हैं, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मसूरी में बड़ी संख्या में पर्यटक गन हिल रोपवे का उपयोग करते हैं। ऐसे में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क है और समय-समय पर मॉक ड्रिल के जरिए अपनी तैयारियों को परख रहा है।