देहरादून: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में थाना चंबा क्षेत्र के अंतर्गत चंबा-कोटी कॉलोनी रोड पर नैल के पास एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है, जबकि दो लोग घायल हैं। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे।
इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद थाना चंबा पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार, अपराह्न 3:30 बजे के आसपास दुर्घटना हुई है। यह सभी लोग एक अंतिम संस्कार के बाद वापस अपने गांव लौट रहे थे और हादसे का शिकार हो गए।
वाहन के खाई में गिरने की जानकारी होते ही स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और बचाव कार्य में जुट गए। प्रारंभिक जानकारी में कई लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही थी। वहीं, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने 8 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है।
हादसे में दो घायलों को खाई से बाहर निकाला गया है, जिनमें से एक व्यक्ति को हल्की चोटें आई हैं। घायलों की पहचान उत्तम पुत्र पुस्सू (30) ग्राम लोस्तु बड़ियारगढ़ और अंकित पुत्र आशा लाल (22) ग्राम नेलचामी, घनसाली के रूप में हुई है। दोनों घायल डीएच बौराड़ी में उपचाराधीन है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल खुद घटनास्थल पर पहुंची हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की संयुक्त टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगातार लगी हुई हैं।
हादसे में वाहन में सवार सभी लोग घनसाली क्षेत्र के चांजी, ठेला और चकरेडा गांव के निवासी थे, जो हरिद्वार में एक अंतिम संस्कार में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। साइट पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी चम्बा से स्वास्थ्य टीम भी रवाना की गई है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र अंतर्गत नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री धामी ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए है कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्थिति पर सतत निगरानी बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री धामी ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।