देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में शुक्रवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश, 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना है।
इसके साथ ही अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश हो सकती है जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात होने के आसार हैं। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है जिसके चलते पहाड़ी इलाकों में सर्दी बनी हुई है।
वहीं, मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप निकलने के कारण गर्मी का एहसास होने लगा है। पिछले दो दिन हुई बारिश के बाद कुछ दिनों तक तापमान सामान्य बना हुआ था जिससे ठंड भी लौट आई थी, लेकिन अब एक बार फिर सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। सुबह से ही निकल रही चटक धूप की वजह से तापमान बढ़ रहा है और गर्मी होने लगी है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड भी गायब हो रही है।
वहीं, तापमान बढ़ने के साथ ही एक बार फिर जंगलों में आग लगने की घटनाएं होने लगी है। कोटद्वार में दुगड्डा-गुमखाल के बीच जंगल में कई जगह आग लग गई। इसकी वजह से वन संपदा को भी नुकसान पहुंचा है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने से तापमान भी सामान्य बना हुआ है। इसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों में फिलहाल गर्मी का एहसास नहीं है और मौसम सुहावना बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश होने के आसार है। 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।