देहरादून: उत्तराखंड में पिछले दिनों हुई बारिश और बर्फबारी से जहां तापमान में गिरावट आई, वहीं अब गर्मी बढ़ने का अनुमान है। अगले एक-दो दिनों में मैदानी इलाकों से लेकर पर्वतीय क्षेत्रों तक तापमान में वृद्धि हो सकती है।
इसके अलावा, बुधवार को चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
मंगलवार को मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप खिली रही जिससे दिन के समय तापमान में बढ़ोत्तरी हुई। हालांकि हवाएं चलने से ठंड का एहसास भी होता रहा। तेज धूप निकलने के कारण तापमान सामान्य से अधिक रहा।
हालांकि पर्वतीय इलाकों में तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। वहीं, चकराता में हुई बर्फबारी के बाद से तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। चकराता में हुई सीजन की तीसरी बर्फबारी से एक बार फिर ठंड बढ़ गई है।
मार्च के महीने में हुई बर्फबारी ने भीषण गर्मी से तो राहत दिलाई है, साथ ही मौसम को जनवरी जैसा ठंडा भी बना दिया है। पर्वतीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी से बागवानी और खेती को भी काफी हद लाभ पहुंचा है।
वहीं, बद्रीनाथ धाम की ऊंची चोटियों के साथ ही औली में भी बर्फबारी हुई है। औली में पर्यटकों ने बर्फबारी का लुत्फ उठाया और स्कीईंग भी की।
इस बारिश से आग से धधक रहे जंगलों को भी राहत मिली है और जंगलों में लगी आग बुझ गई। पिछले दो-तीन दिनों में लोगों ने गर्म कपड़े पहने भी शुरू कर दिए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार से तापमान में वृद्धि होने का अनुमान जारी किया है। 23 मार्च तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहने के आसार हैं। मौसम में एक बार फिर बदलाव आ सकता है। चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है।