देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद भी पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होती दिख रही है। केदानाथ धाम में बर्फबारी का नया वीडियो सामने आया है। वहां तेज बर्फबारी होती दिख रही है। मंगलवार को भी उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। बर्फबारी 2800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाली क्षेत्र में हो सकती है। वहीं, राज्य के अन्य जनपद में मौसम शुष्क रहेगा। मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने से शीत दिवस जैसे हालात बने रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आज देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिले में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने और पाला गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान भी जारी किया गया है। सोमवार को देहरादून सहित मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय कोहरे से राहत मिली लेकिन सर्द हवाएं चलने के कारण शीत लहर की स्थिति भी बनी रही।
देहरादून में सोमवार कोअधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पर्वतीय क्षेत्रों में शीत लहर चलने के कारण तापमान में गिरावट आई है। उधर, केदारनाथ धाम में लगातार चौथे दिन भी बर्फबारी हुई है। इसके चलते केदार घाटी का तापमान शून्य से नीचे चला गया है।
केदारनाथ धाम में मौसम बेहद ठंडा हो गया है। तापमान में गिरावट आने के कारण निचले क्षेत्रों में भी शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है। बर्फबारी के चलते केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, चमोली जिले की नीति घाटी में बर्फबारी होने के बाद से पर्यटकों का तांता लगा हुआ है।
द्रोणागिरी की पहाड़ियों पर बर्फ पड़ने के बाद से मनोरम दृश्य बना हुआ है। इसके चलते यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। नलों में पानी भी जम गया है। लोगों को इससे दिक्कतें भी हो रही है।