देहरादून: नववर्ष 2026 के स्वागत में ‘पहाड़ों की रानी’ मसूरी पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार रही। देश-विदेश से आए हजारों सैलानियों ने ठंड के बीच उत्साह और उल्लास के साथ नए साल का जश्न मनाया। माल रोड, लाइब्रेरी और पर्यटन स्थलों पर देर रात तक रौनक बनी रही। नए साल के मौके पर मसूरी के होटल और गेस्ट हाउस लगभग फुल रहे।
नववर्ष को शांतिपूर्ण बनाने के लिए मसूरी पुलिस ने विशेष इंतजाम किए। सीओ मनोज असवाल के नेतृत्व में माल रोड पर मार्च पास्ट किया गया। 3 इंस्पेक्टर, 26 सब इंस्पेक्टर, 60 कांस्टेबल और पीएसी की तैनाती रही। हुड़दंग और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
भारी भीड़ के चलते यातायात और पार्किंग चुनौती बने रहे, हालांकि पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से स्थिति संभाली। प्रशासन और होटल एसोसिएशन के अनुसार, सुरक्षित व्यवस्था, सजी हुई मसूरी और पहाड़ी स्वाद के बीच पर्यटकों के लिए नववर्ष का जश्न यादगार रहा।