देहरादून: उत्तराखंड के मौसम में एक बार फिर बदलाव होता दिख रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने के बाद मौसम विभाग के अनुसार, आज आसमान साफ रहेगा। इससे मौसम शुष्क रहेगा। 5 फरवरी को भी प्रदेश भर में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है, जबकि 6 फरवरी को कुछ पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी होने के आसार है। मौसम साफ होने और आसमान से बादल छंटने के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट के संकेत हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मैदानी इलाकों में अगले दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 4 और पहाड़ी क्षेत्रों में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक नीचे आने की संभावना है। साथ ही, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा छाने का भी पूर्वानुमान है। बारिश का असर खत्म होने के साथ ही कोहरा अब लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जनपदों के मैदानी क्षेत्रों में कहीं कहीं घना कोहरा छा सकता है। मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 24.4 और न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान 24.4 और न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 12.5 न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 14.6 और न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार को पर्वतीय इलाकों में हुई बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई दिया। मैदानी क्षेत्र में आंशिक बादल छाए रहे लेकिन चटक धूप निकलने के कारण मौसम में गर्माहट भी रही। दूसरी तरफ, मसूरी में भारी ओलावृष्टि हुई। इसकी वजह से सड़कों पर वाहन चालकों को खासी परेशानी उठानी पड़ेगी। कई जगह तो जाम लग गया।
भारी ओलावृष्टि से मसूरी में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। मसूरी के मसराना क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि के कारण लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जिसकी वजह से उत्तरकाशी, टिहरी, धनोल्टी जाने वाले पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा तो स्थानीय लोग भी काफी परेशान हुए।
बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में पिछले दिनों कई बार की बर्फबारी होने के चलते 3 फीट तक बर्फ जमा हो गई है। क्षेत्र में तेज धूप निकलने के बाद केदारनाथ धाम के साथ ही आसपास की पहाड़ियां भी चांदी की तरह चमकने लगी है। केदारनाथ धाम का नजारा बेहद मनमोहक हो गया है।