देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन अक्सर अपने बयानों और व्यवहार के चलते चर्चाओं में रहे हैं। अब उनका बेटा दिव्य प्रताप सिंह भी एक गंभीर मामले में घिर गया है। उन पर पूर्व मुख्य सचिव एस. रामास्वामी के बेटे आर. यशवर्धन से मारपीट करने और पिस्तौल दिखाकर धमकी देने का आरोप है।
घटना 14 नवंबर की रात की है। यशवर्धन ने राजपुर थाना क्षेत्र में दर्ज कराई तहरीर में बताया कि दिलाराम चौक से साईं मंदिर की ओर जाते समय उनकी कार को पैसिफिक मॉल के पास एक लैंड क्रूजर और बोलेरो ने पास लेने की कोशिश की। रास्ता संकरा होने के कारण वे पास नहीं दे सके।
आरोप है कि इसके बाद मसूरी डायवर्जन के पास दोनों कारों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोका और उनसे गालीगलौज व मारपीट की। यशवर्धन का दावा है कि एक व्यक्ति ने उन पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित के अनुसार, चैंपियन के साथ मौजूद गनर राजेश सिंह ने उनकी शर्ट पर लगे तिरंगे पर लात मारी। इस गंभीर आरोप के बाद पुलिस ने गनर को निलंबित कर उसके खिलाफ भी केस दर्ज किया है। गनर की आधिकारिक तैनाती हरिद्वार में थी, लेकिन वह चैंपियन के बेटे के साथ देहरादून में घूम रहा था।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने दिव्य प्रताप सिंह और कांस्टेबल राजेश सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ा दी है। साथ ही दिव्य प्रताप सिंह के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की रिपोर्ट जिलाधिकारी हरिद्वार को भेजी गई है।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रदेश के लोग दिव्य प्रताप सिंह और गनर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामला मसूरी डायवर्जन के ऊपर का है और पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई कर रही है। वहीं एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने कहा कि प्रारंभिक जांच में आरोपियों की पहचान की पुष्टि हो चुकी है। गनर को निलंबित कर आगे की जांच गंभीरता से जारी है।