हल्द्वानी: उत्तराखंड का हल्द्वानी शहर का सौहार्दपूर्ण माहौल एक कुत्ते के कारण पूरी तरह छिन्न-भिन्न हो गया। नतीजतन कुछ बेकसूर लोग भीड़ के हमले में निशाना बने। निजी-सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि एक कुत्ते ने एक पशु का कटा सिर मंदिर के पास डाल दिया, जिससे तनाव पैदा हो गया। पुलिस ने लाठीचार्ज करके हालात को नियंत्रित किया।
हल्द्वानी के बरेली रोड स्थित उजाला नगर के उजालेश्वर मंदिर के समीप पशु का कटा सिर मिलने की सूचना रविवार रात फैलना शुरू हई। सोशल मीडिया के जरिए ये जानकारी ऐसे फैली कि पूरा हल्द्वानी सांप्रदायिक तनाव की आगोश में आते-आते बचा। हिंदूवादी संगठन सड़कों पर उतर आए। पीली कोठी से लेकर उजाला नगर तक कई दुकानों में तोड़फोड़ कर उन्हें बंद करा दिया।
दूसरी ओर से मुस्लिम पक्ष के लोग भी एकत्र होने लगे। नारेबाजी और पथराव के बीच पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना के बाद पुलिस ने बरेली रोड से ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। घटनास्थल समेत शहर के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस वालों की तैनाती कर दी गई।
हालात काबू होने के बाद हल्द्वानी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने करीब 50 अज्ञात के खिलाफ शहर में अशांति फैलाने, तोड़-फोड़, सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं क्षेत्र में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।