देहरादून: एक दो साल के बच्चे की व्यथित और दुखियारी मां की फरियाद से डीएम देहरादून सविन बंसल का दिल पिघल गया। उन्होंने तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी को बच्चे का उपचार कराने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं डीएम बंसल ने यहां तक कहा कि अगर सरकारी अस्पताल में बच्चे का उपचार संभव नहीं हो सकता है तो निजी चिकित्सालय में उसका उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों से कराया जाए। डीएम के इस ऐक्शन से दो वर्षीय अमन को तत्काल उपचार मिला और उसे एम्स चिकित्सालय में रेफर कर दिया गया है।
पिछले दिनों जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान एक दो वर्षीय बालक अमन की मां सुधा ने फरियाद लगाई थी कि उसका बेटा गंभीर बीमारी से ग्रसित है। उसका पति मजदूरी करता है, जिस कारण वे लोग अपने बेटे का उचित उपचार नहीं कर पा रहे हैं। सुधा ने डीएम बंसल से अपने बच्चे का उपचार कराने की गुहार लगाई। इसके बाद डीएम ने तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा को बच्चे का इलाज कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उपजिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्व सिंह को उपचार की मॉनिटरिंग और व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
डीएम के निर्देश के बाद अमन की जांच राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया। दून अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञों ने अमन की जांच करने के बाद एम्स में उसका उपचार करने की सलाह दी। जिसके बाद अमन को उपचार के लिए एम्स रेफर कर दिया गया। एम्स अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में अमन का उपचार किया जा रहा है।