देहरादून: भारत की पहली महिला वनडे विश्व कप विजेता टीम की स्टार ऑलराउंडर स्नेहा राणा आज पहली बार देहरादून पहुंचीं तो जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़ों की गूंज और फूलों की बारिश से उनका भव्य स्वागत हुआ। परिजन, रिश्तेदार और सिनोला गांव के लोग उत्साह से लबरेज थे। चोट से उबरकर विश्व कप जिताने वाली स्नेहा को उत्तराखंड सरकार ने 50 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।
विश्व कप जीत के बाद पहली बार घर लौटीं स्नेहा राणा का एयरपोर्ट पर बड़ा भाई कमल राणा और भाभी ऋचा राणा ने फूलमालाओं से स्वागत किया। कमल राणा ने कहा, स्नेहा ने चोट के बावजूद कड़ी मेहनत की और भारत को विश्व चैंपियन बनाया। हम सब बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं।
स्नेहा ने मुस्कुराते हुए कहा, यह जीत पूरी टीम की मेहनत का नतीजा है। मैंने सिर्फ अपना काम किया। उत्तराखंड और देहरादून का नाम विश्व में रोशन करना मेरी जिम्मेदारी थी।