देहरादून: देश की राजधानी दिल्ली से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बीच चलने वाली मसूरी एक्सप्रेस के नंबर में बदलाव किया जा रहा है। ट्रेन नंबर में बदलाव को 28 जनवरी 2026 से लागू किया जाएगा। इस संबंध में उत्तर रेलवे की ओर से आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। ऐसे में दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पैसेंजर्स, जो मसूरी एक्सप्रेस से यात्रा करते हैं, उनके लिए यह नंबर अहम हो गया है। मसूरी एक्सप्रेस के अप और डाउन दोनों नंबरों को बदला गया है। आगे से नए नंबर के आधार पर ही यात्री टिकट बुकिंग, ट्रेन टाइमिंग और अन्य जानकारी हासिल कर पाएंगे।
उत्तर रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय की ओर से मसूरी एक्सप्रेस के नंबर में बदलाव की सूचना दी गई है। सीपीआरओ के अनुसार, 14041-14042 दिल्ली-देहरादून-दिल्ली मसूरी एक्सप्रेस के ट्रेन नंबर को बदला जा रहा है। दरअसल, 14042- देहरादून-दिल्ली जंक्शन मसूरी एक्सप्रेस 28 जनवरी 2026 से नए नंबर 14342 से जानी जाएगी।
सीपीआरओ ने बताया कि दिल्ली जंक्शन से देहरादून जाने वाली 14041-मसूरी एक्सप्रेस का नंबर 29 जनवरी 2026 से बदलेगा। अगले साल 29 जनवरी से यह ट्रेन नए नंबर 14341 के साथ चलेगी।
सीपीआरओ की ओर से जारी सूचना में केवल ट्रेन के नंबर में बदलाव की जानकारी दी गई है। अन्य कोई बदलाव नहीं होगा। दिल्ली से देहरादून जाने वाली मसूरी एक्सप्रेस रात 10:25 बजे दिल्ली जंक्शन से खुलती है। शाहदरा जंक्शन, गाजियाबाद, पिलखुआ, हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर, गजरौला, मंडी धनौरा, चांदपुर सियाऊ, हल्दौर, बिजनौर, मुजमपुर नारायण, नजीबाबाद, लक्सर, ज्वालापुर, हरिद्वार, रायवाला, डोईवाला होते हुए अगले दिन सुबह 9:05 बजे देहरादून पहुंचती है।
देहरादून से चलने वाली मसूरी एक्सप्रेस रात 9:20 बजे खुलती है। हरिद्वार, बिजनौर, हापुड़, गाजियाबाद वाले रूट से ही यह अगले दिन सुबह 7:20 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचती है। नए नंबर के साथ ट्रेन इसी टाइम टेबल के आधार पर चलेगी।