देहरादून: उत्तराखंड का मौसम 29 सितंबर 2025: उत्तराखंड में मॉनसून की विदाई के साथ ही गर्मी तेवर दिखा रही है। बारिश रुकने के बाद से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सुहावना बना हुआ है लेकिन मैदानी इलाकों में गर्मी ने पसीने छुटा रखे हैं। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हुई है।
उत्तराखंड में मॉनसून विदा हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली। लगातार बारिश के कारण आपदाओं ने लोगों को दहशत में डाल दिया था और सभी मॉनसून के जाने का इंतजार कर रहे थे।
लेकिन मॉनसून की विदाई के बाद मौसम इस तरह चटक तेवर दिखाएगा किसी को उम्मीद नहीं थी। पिछले कुछ दिनों से गर्मी ने पसीने छूटा रखे हैं। रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान तीन डिग्री बढ़कर 22.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस वजह से रात के समय भी गर्मी परेशान कर रही है।
पंतनगर का अधिकतम तापमान 35.6 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 24.2 और न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस रहा । नई टिहरी का अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
सुबह से ही तेज धूप निकालने के कारण गर्मी हो रही है। अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहने वाला है। हालांकि आज पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा।