देहरादून: उत्तराखंड में अगले तीन दिनों में प्रदेश के सभी हिस्सों से मानसून की विदाई हो जाएगी। वहीं आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड के हरिद्वार समेत कई मैदानी इलाकों से दक्षिण पश्चिम मानसून लौट गया है। अन्य जिलों से भी मानसून की विदाई की तैयारी है। बारिश का सिलसिला थमने के बाद से गर्मी ने बेहाल किया हुआ है। सुबह से निकल रही चटक धूप पसीने छुड़ा रही है।
हालांकि बीच-बीच में चल रही ठंडी हवा गर्मी से राहत दे रही है। आज जहां 5 जिलों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है तो वहीं देहरादून में भी कहीं बादल छाए रह सकते हैं। बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 33.8 और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में 29 सितंबर तक प्रदेश भर के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। मानसून की बारिश थमते ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हुआ है।
देहरादून के साथ ही प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान बढ़ने से लोगों को उमस भरी गर्मी ने परेशान किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश भर में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से इसका असर तापमान पर भी देखने को मिल रहा है। बीते तीन दिनों से तापमान में वृद्धि हो रही है। वहीं आने वाले दिनों में भी मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी और परेशान करेगी।
इधर बारिश थमने के बाद अब नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने पिथौरागढ़ से मुनस्यारी धारचूला के लिए हेली सेवा संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। हेरिटेज एडमिशन को हेली सेवा का संचालन का जिम्मा दिया गया है। आगामी 1 अक्टूबर से पिथौरागढ़ से मुनस्यारी और धारचुला के लिए हेली सेवा शुरू की जाएगी। सीमावर्ती जिले में हेली सेवा शुरू होने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को भी हवाई सेवा का लाभ मिल सकेगा।