देहरादून: उत्तराखंड में मानसून के बारिश का दौर थमा तो सूरज ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। देहरादून में मंगलवार का दिन उमस भरी गर्मी वाला रहा। चटक धूप निकलने के चलते अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री इजाफे के साथ 34.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री बढ़ोतरी के साथ 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
बारिश का दौर थमने के बाद अब प्रदेश भर में तेज धूप निकल रही है। पर्वतीय इलाकों में लोगों ने भले ही धूप निकलने पर राहत की सांस ली हो, लेकिन मैदानी इलाकों में चटक धूप निकलने से लोगों का हाल बुरा है। मानसून से जहां गर्मी से राहत मिली हुई थी तो वहीं अब एक बार फिर गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। सितंबर महीने के अंत में भी जबरदस्त गर्मी हो रही है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ी है। इसका असर तापमान पर देखने को मिल रहा है।
बीते दो दिनों से सामान्य तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। तापमान बढ़ने से गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया है । प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज शुष्क बना रहने का अनुमान है। हालांकि देहरादून सहित सात जिलों में हल्की बौछार पढ़ने के आसान है। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र ने आज प्रदेश के पर्वतीय इलाकों के साथ ही देहरादून में भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। आज देहरादून, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल में हल्की बारिश होने की संभावना है।
कई राज्यों से मौसम की विदाई का सिलसिला शुरू हो गया है। उत्तराखंड से भी कुछ दिनों में मानसून की वापसी हो सकती है। फिलहाल मौसम का शुष्क ही बना रहेगा। हालांकि आज सात जिलों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारों पड़ने की संभावना है।