देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का कहर जारी है। देहरादून में सहस्त्रधारा कार्लीगाड क्षेत्र में सोमवार देर रात बादल फटने से काफी नुकसान हो गया। कई दुकानें पानी की तेज धारा में बह गईं। करीब 100 लोगों को रेस्क्यू कर बचाया गया है। दो गायब लोगों की तलाश की जा रही है। बादल फटने के बाद देहरादून के सभी स्कूल मंगलवार के लिए बंद कर दिए गए हैं।
मालदेवता में पुल की एप्रोच रोड टूट गई है। उफनाई नदियों ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी उफान पर है। एसडीआरएफ ने नदी में फंसे तीन लोगों को रेस्क्यू किया है। वहीं, देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय मार्ग पर फन वैली और उत्तराखंड डेंटल कॉलेज के नजदीक स्थित पुल क्षतिग्रस्त हो गया है।
#WATCH | Uttarakhand | Tamsa river in spate and Tapkeshwar Mahadev temple inundated as heavy rainfall lashes Dehradun.
— ANI (@ANI) September 16, 2025
Temple priest Acharya Bipin Joshi says, "The river started flowing heavily since 5 AM, the entire temple premises were submerged... This kind of situation had… pic.twitter.com/4E6PhKBM6K
एनडीआरएफ के साथ एसडीआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। घटना में कुछ दुकानें बह गई हैं लेकिन जान माल की हानि नहीं हुई है। दो लोग मिसिंग हैं जिनकी खोजबीन की जा रही है। जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है।
देहरादून के सहस्त्रधारा में देर रात हुई अतिवृष्टि से कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचने की दुखद सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं और स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहा हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड
बताया जा रहा है कि सहस्त्रधारा के मुख्य बाजार में मलबा आने की वजह से तीन बड़े होटल और कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। यह घटना सोमवार देर रात साढ़े 11 बजे की है। कार्डीगढ़ में बादल फटने के बाद मुख्य बाजारा में बड़े पैमाने पर मलबा आ गया। करीब 100 लोग बाजार में फंस गए थे जिन्हें गांव वालों ने सकुशल बचा लिया है।
दूसरी ओर, आईटी पार्क के पास भी बड़ी मात्रा में मलबा आ गया। इससे सान्ग नदी का जलस्तर बढ़ गया। पुलिस ने आसपास रहने वालों को सतर्क कर दिया है। पुलिस ने बताया कि देर रात 12 बजे आईटी पार्क के पास मलबा आने पर बचाव अभियान चलाया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। अभी तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।