देहरादून/उत्तरकाशी: उत्तराखंड के जनपद उत्तरकाशी के तहसील भटवाड़ी के औंगी गांव में रविवार शाम भालू के हमले में एक महिला की मौत हो गई। चारा-पत्ती लेने जंगल गईं महिलाओं पर अचानक भालू ने हमला किया। भयभीत होकर भागते समय एक महिला पहाड़ी से गिर गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान बिनीता राणा (36), पत्नी सत्येंद्र सिंह राणा, निवासी ग्राम औंगी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, औंगी गांव की कुछ महिलाएं शाम करीब 5 बजे पास के जंगल में चारा-पत्ती लेने गई थीं। तभी भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले से घबराकर बिनीता राणा पहाड़ी की ओर भागीं, लेकिन संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गईं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही राजस्व उपनिरीक्षक सौरा की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।
घटना के बाद औंगी गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है। कई शिकायतों के बावजूद वन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन्यजीवों के आतंक को रोका जाए और प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि वनों में अतिक्रमण, भोजन की कमी और पर्यावरणीय असंतुलन के चलते भालू जैसे जानवर गांवों की ओर आ रहे हैं। ऐसे हमले बढ़ते जा रहे हैं।