चमोली: उत्तराखंड के चमोली में सोमवार शाम करीब 7:47 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.4 रही। भूकंप की गहराई पांच किलोमीटर आंकी गई है। भूकंप का केंद्र चमोली था। लोगों ने भूकंप के हल्के झटके महसूस किए। लोग घरों से बाहर निकल आए। जिला आपदा प्रबंधन के अनुसार, भूकंप से किसी भी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।
चमोली में सोमवार सुबह करीब 6:57 बजे लोगों को कुछ अजीब लगा। कुछ सेकेंड में ही लोग समझ गए कि भूकंप के झटके हैं। लोगों में दहशत फैल गई और घरों से बाहर की ओर भागे। जिलाधिकारी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही प्रशासन की ओर से जारी सूचनाओं को पालन करने की सलाह दी है। जिलाधिकारी ने बताया कि स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की क्षति की सूचना नहीं है।
बता दें कि इससे पहले भी उत्तराखंड में भूकंप आते रहे हैं। इसी माह भूकंप के दो झटके महसूस किए जा चुके हैं। 2 अक्तूबर को पुरोला तहसील के गुंदियाटगांव और महर गांव क्षेत्र में भूकंप आ चुका है। इसकी तीव्रता 2.1 रिक्टर रही है। वहीं, 14 अक्टूबर को मोरी आराकोट क्षेत्र में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए जा चुके हैं। इसकी तीव्रता 3.5 रिक्टर रही थी। जनवरी में भी आठ झटके महसूस किए गए थे।