देहरादून: उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आज कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और गर्जन के साथ बौछार पढ़ने की संभावना है। राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा। आगे भी मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। प्रदेश में मानसून की विदाई हो गई है, उसके बाद भी बारिश का सिलसिला चल रहा है। मानसून की विदाई के बाद कुछ दिनों की भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुहाल कर दिया था, लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से हो रही बारिश से मौसम का मिजाज एकदम बदल गया है।
उत्तराखंड के पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्र तक ठंड शुरू हो गई है। सुबह और शाम के समय लोग गर्म कपड़े पहन रहे हैं। प्रदेश में अक्टूबर के पहले सप्ताह में हुई सामान्य से ढाई गुना अधिक बारिश से ऊंचाई वाले इलाकों और हिमालयी चोटियों पर अच्छी बर्फबारी हुई है। हालांकि इस बारिश से धान के साथ ही दलहनी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण इस बार 33.9 मिमी वर्षा हुई है जो सामान्य की अपेक्षा 172% अधिक है।
कुमाऊं के पिथौरागढ़ जिले में आदि कैलाश, ओम पर्वत के साथ ही कुटी गांव और गढ़वाल में चमोली और उत्तरकाशी जिलों के ऊंचाई वाले हिस्से में अच्छा हिमपात होने के कारण कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर चंद्र सिंह तोमर का कहना है कि प्रदेश से मानसून सामान्य समय से पहले विदा हो गया था। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और उसे अनुकूल परिस्थितियों का साथ मिलने से अक्टूबर के पहले सप्ताह में औसत से अधिक बारिश देखने को मिली। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात हुआ है और इससे तापमान में भी कमी आई है।