कोटद्वार: उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कोटद्वार में एक नाबालिग लड़की से दुराचार का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीड़िता के साथ घटना को अंजाम देने के साथ-साथ आरोपी ने उसका वीडियो भी बना लिया। इसके बाद उसने नाबालिग लड़की को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। ब्लैकमेलिंग से परेशान किशोरी ने परिजनों को घटना के बारे में जानकार दी। इसके बाद परिवार ने पुलिस से संपर्क किया। मामले में दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
कोटद्वार पुलिस ने मामले में एक्शन के संबंध में शुक्रवार को जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रजनीश उर्फ रानू और अंकुश सैनी के रूप में हुई है। इन पर बच्ची को बरगलाकर भगाने और नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुराचार करने का आरोप है।
कोटद्वार पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां ने 12 अगस्त को कोटद्वार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की थी। शिकायत में कहा गया कि उनकी नाबालिग बेटी को रजनीश उर्फ रानू बहला-फुसलाकर हरिद्वार के एक होटल में ले गया। होटल में कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिला कर उससे दुष्कर्म किया।
शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी ने दुष्कर्म का अश्लील वीडियो बनाया। अपने साथी अंकुश सैनी के माध्यम से पीड़िता को ब्लैकमेल करने का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने घटना से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें अदालत में पेश किया गया। वहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।