देहरादून: देश की राजधानी दिल्ली को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से जोड़ने वाले दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को शुरू करने की तैयारी की जा रही है। ट्रैफिक के कारण दूर लगने वाली दिल्ली की यात्रा इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से ढाई से तीन घंटे में पूरी की जा सकेगी। योजना की समीक्षा का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जुलाई के आखिर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर सकते हैं। इसके लिए नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की ओर से तैयारियों को तेज किया गया है।
एनएचएआई की ओर से दावा किया गया है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का काम लगभग पूरा हो चुका है। जुलाई के अंत तक प्रधानमंत्री के हाथों इसका भव्य लोकार्पण कराया जाएगा। इससे पहले चार धाम यात्रा की शुरुआत के साथ ही एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तैयारी थी। हालांकि, काम पूरा नहीं होने के कारण तब इसका उद्घाटन नहीं हुआ। अब जुलाई में इस पर वाहनों को दौड़ाने की तैयारी है।
एनएचएआई के चेयरमैन संतोष कुमार यादव ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे में चल रहे कार्यों का स्थल निरीक्षण किया है। उन्होंने अक्षरधाम से देहरादून तक सड़क मार्ग से यात्रा की। निर्माण योजना की समीक्षा की। चेयरमैन ने संबंधित एजेंसियों को साफ कहा है कि एक माह के भीतर अधूरे काम खत्म करें। समय पर एक्सप्रेसवे का उद्घाटन होना चाहिए।
दिल्ली से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून तक का सफर इस एक्सप्रेसवे के निर्माण से तेज और सुगम हो जाएगा। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था। अब इसका निर्माण आखिरी चरण में है। कुछ बचे कार्यों को इसी माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। जुलाई से इसके आम लोगों के लिए खुल जाने का अनुमान है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के निर्माण से मसूरी, ऋषिकेश और हरिद्वार तक पहुंचना आसान हो जाएगा। दिल्ली से देहरादून की दूरी कम होगी। इससे टूरिज्म सेक्टर को बड़ा बूस्ट मिलने की उम्मीद है। यह एक्सप्रेसवेउत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड के बीच भी आवाजाही की लाइफलाइन बनने वाला है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बनाया जा रहा है। यह एक महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा प्रोजेक्ट है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे करीब 210 किलोमीटर लंबा है। दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर देहरादून तक का यह एक्सप्रेसवे जाएगी। इसे हाई स्पीड और निर्बाध ट्रैफिक के आधार पर तैयार किया गया है।
एक्सप्रेसवे के शुरू होने से दिल्ली से देहरादून का सफर 6-7 घंटे से घटकर महज 2.5 से 3 घंटे में पूरा हो सकेगा। तीव्र गति और बिना ट्रैफिक वाली सड़क होने से कुल यात्रा समय बहुत कम होगा। शुरुआती चरणों में दिल्ली से देहरादून तक का सफर टोल फ्री रह सकता है। यह यात्रियों के लिए एक अतिरिक्त लाभ होगा। एक्सप्रेसवे पर वाहनों को कम समय लगेगा। कम ट्रैफिक जाम होगा, जिससे ईंधन की खपत कम होगी। प्रदूषण भी घटेगा।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उत्तराखंड में पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा देगा। हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे धार्मिक और पर्यटक स्थलों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। वहीं, व्यापारियों को भी अपने सामान ले जाने में इससे काफी लाभ मिलेगा।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे तीन राज्यों उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड को कनेक्ट करेगा। दिल्ली से उत्तराखंड की ओर जाने वाला सारा ट्रैफिक इसी एक्सप्रेसवे से होकर गुजरेगा। इससे आसपास के शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी इकॉनोमिक एक्टिविटी बढ़ेगी। यह एक्सप्रेसवे यूपी के मेरठ, सहारनपुर और अन्य पश्चिमी यूपी के जिलों को सीधे देहरादून से जोड़ेगा। वहीं, पूर्वी हरियाणा भी उत्तराखंड से सीधे कनेक्ट हो जाएगा।